मंगलवार, 29 सितंबर 2015

-mohabbat 2

आँख भर आंच है
सीने भर दरिया
और मुट्ठी भर सितारे हैं

एक शराब की बोतल है
किताबें हैं
एक उम्र की कहानियां हैं

एक पूरी दुनिया है तुम्हारे हमारे बीच
और देखो तो शायद कुछ भी नहीं है

कुछ मुहब्बतों का मुक्कमल न होना
उनका हासिल है

रविवार, 15 मार्च 2015

ख्वाबगाह कोई नहीं
मैं हूँ  कुछ वक़्त भी ले आया हूँ
कोई कल नहीं न बीता न आनेवाला
आज का लम्बा सफर ले आया हूँ 
बहुत थक से गए हैं
हम तेरे बज़्म में
खर्च कुछ इस तरह हुए
हम तेरे बज़्म में

आये तो मुन्तज़िर थे
एक दीद के तेरे
अब दीद - ए - बरहम हुए
हम तेरे बज़्म में

कुछ इस तरह ज़लील हुए
के उठकर न जा सके
बैठे रहे खत्म हुए
हम तेरे बज़्म में

गुरुवार, 12 फ़रवरी 2015

karvat

दरवाज़े की एक फांक
से सुबह छनती हुई
पलकों पर बेचैन हरारतें करती
तेरी ज़ुल्फ़ों में गुम सी जाती है

 इतना सा तिलस्म है हर रोज़ मेरे हिस्से में
जो तेरी उनींदी आँखों ने बांध रक्खा है


शुक्रवार, 12 दिसंबर 2014

-

उसका चेहरा
टूटे हुए पत्थर की तरह
ऊन के लोंदे से निकलता हुआ
घिसी दाढ़ी पर ठंढी धूल के पैबंद

उसके हाथ पेड़ के तने की तरह रूखे
काले कोट से निकलते हैं आग की ओऱ

मैं उसका चेहरा चाहता हूँ
मैं उसके हाथों का चमड़ा चाहता हूँ
अपने हाथों पर

 इस जाड़े में ओढ़ कर उसकी गरीबी
ठंढ से लड़ना चाहता हूँ 

रविवार, 2 नवंबर 2014

apne- muh

जाता हूँ के जिन रास्तों पे
कुछ नहीं जाता
गाता हूँ वो धुन अपनी
जिसे कोई नहीं गाता

मैं खुद से प्यार करता हूँ
मैं खुद पे वार करता हूँ

गुमता हूँ मैं गलियों में
के गलियां मुझमें उलझी हैं

लड़ता हूँ पर कायर हूँ
बेहूदा एक desire हूँ

मैं
पल दो पल का शायर हूँ 

-

तुम
बहुत दूर चले हो
कितना कुछ लाद रखा है कन्धों पे

थोड़ी देर ठहर जाओ
सुस्ताओ

कुछ छोड़ कर जाओ रास्तों में

कुछ देर निहारो दोपहरी
कुछ देर बिसारो कचहरी
साँस भरो सूखी काया में

तुम
बहुत दूर चले हो

कुछ गाओ
या सुन लो नयी सी आवाज़ें

सर पर थोड़ी छाँव धरो
पैरों में थोड़ा गाँव धरो

पी लो धूप  सुनहरी 

शनिवार, 1 नवंबर 2014

gaya-1

उफ़क़ पर नूर के छींटे
सफर ये किन ख़लाओं का
मेरी छोटी सी खिड़की
और फिसलते रेल के पहिये

मेरे हाथों में कुहासा बन के बैठी है
रात रेशा दर रेशा
सुबह का सुनहरी तार
के तानों  की मुन्तज़िर शायद

ज़िंदगी चक्खी हमने
अमरुद की फालिओं में
रेल के डिब्बों में
मुरारपुर की गलियों में 

मंगलवार, 16 सितंबर 2014

-

एक नज़र देख लू
इतना मुक़र्रर कर लू 
इस एक पल के सिवा 
जिंदगी का हासिल क्या 

खर्च यूँ भी होती 
हमने मुहब्बत कर ली 
उम्र भर अब आरज़ू क्या 
जुस्तजू क्या मंज़िल क्या 

हमने तन्हाई सुनी 
हरकतें सुनी तुमने 
मिलके दो चार हुए 
और वफ़ा का मतलब क्या  

gurpa-95

खिड़की की रेलिंग पे जमे पानी
को धीरे धीरे भाप बनता देखता हूँ
चाय की प्याली से लिपटे हाथ उसके
शाल से निकली दो पंखुड़ियां
खिल उठी हों दिसंबर की शाम में
मद्धिम से बल्ब की थिरकन के नीचे

उसको खबर है मेरी आँखों की हलकी जुम्बिश
छू कर उसकी बेफिक्र सी लटों को
वापस किताबों में लौट आएगी
मैं बस एक पल को होता हूँ
उसके एहसास का हिस्सा

बस इतनी शाम काटी थी
गुरपा जंगलों के बीच
भरे डब्बे में एक लम्हा कभी तन्हाई बाटी थी

खुमारी  एक कश में
तेरी आँखों की
ज़माने भर में
खुद का अफ़साना बना बैठे